एस.टी.एन.टी. नर्सिंग इंस्टीट्यूट में जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा करियर काउंसलिंग संपन्न
फाजिलनगर, कुशीनगर | 28 जुलाई 2026
स्थानीय क्षेत्र के भठहीं खुर्द स्थित एस.टी.एन.टी. नर्सिंग इंस्टीट्यूट में आज जिला सेवायोजन कार्यालय, कुशीनगर के तत्वावधान में नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नर्सिंग के क्षेत्र में देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के बेहतरीन अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों और संस्थान के प्राचार्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय से आए काउंसलर अभिषेक मिश्रा, कनिष्ठ सहायक जितेन्द्र जायसवाल, काउंसलर संजीव जायसवाल तथा डीडीयू-जीकेवाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनय पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
विदेशी रोजगार और दस्तावेजों की प्रक्रिया पर विशेष जोर
अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि आज के समय में नर्सिंग के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विदेश में नर्सिंग ऑफिसर, स्टाफ नर्स और पर्सनल असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पदों पर आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया समझाई।
इसके साथ ही, विदेश जाने के लिए आवश्यक विदेशी भाषा के प्रशिक्षण, सही प्लेसमेंट एजेंसियों के चयन, तथा वीजा एवं पासपोर्ट बनवाने की पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया की बारकियों से छात्रों को अवगत कराया गया।
प्राचार्य व स्टाफ रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्राचार्य धर्म सिंह माली ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन शिविर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के सभी टीचिंग और नॉन-Teaching स्टाफ का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
