दर्दनाक हादसा: फाजिलनगर में ड्यूटी पर जा रही स्टाफ नर्स को ट्रक ने रौंदा, मौके पर ही मौत; सर्विस रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा

Jun 5, 2026 - 11:33
दर्दनाक हादसा: फाजिलनगर में ड्यूटी पर जा रही स्टाफ नर्स को ट्रक ने रौंदा, मौके पर ही मौत; सर्विस रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा

फाजिलनगर (कुशीनगर)
कुशीनगर जिले के फाजिलनगर नगर पंचायत क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बघौच मोड़ स्थित पुलिस डेस्क के ठीक सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने ड्यूटी पर जा रही एक स्टाफ नर्स को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नर्स की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

रोज की तरह ड्यूटी पर जा रही थीं अंकिता

मृतका की पहचान अंकिता सिंह के रूप में हुई है, जो कसया स्थित हंसराज हॉस्पिटल में बतौर जीएनएम (GNM) स्टाफ नर्स कार्यरत थीं। मिली जानकारी के अनुसार, अंकिता रोज की तरह शुक्रवार को भी अपनी ड्यूटी के लिए निकली थीं। जैसे ही वह बघउच मोड़ के पास पहुंचीं, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से मृतका के परिजनों, अस्पताल के सहकर्मियों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


ब्रिज निर्माण और सर्विस रोड की लापरवाही ने ली जान!

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और कार्यदायी संस्था के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि जब से फाजिलनगर में ब्रिज (ओवरब्रिज) निर्माण का कार्य शुरू हुआ है, तब से मुख्य हाईवे का ट्रैफिक सर्विस रोड पर डाइवर्ट कर दिया गया है। बिहार और अन्य राज्यों से आने वाले भारी वाहन इस संकरे सर्विस रोड पर बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस अव्यवस्था के कारण हमेशा किसी बड़े हादसे का डर बना रहता था, और आज वही डर एक मासूम जिंदगी के खात्मे के रूप में सामने आ गया।

अतिक्रमण और जाम भी बन रहा काल

लोगों का आरोप है कि सर्विस रोड पर एक तो रफ्तार का कहर है, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाले ठेला व्यवसायियों के कारण आए दिन लंबा जाम लगा रहता है। सड़क संकरी होने और जाम की वजह से राहगीरों के लिए पैदल चलना भी दूभर हो गया है। प्रशासन से गुहार:स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन और पुलिस से हाथ जोड़कर निवेदन किया है कि सर्विस रोड पर भारी व तेज रफ्तार वाहनों की गति पर तत्काल लगाम लगाई जाए। साथ ही, ठेला व्यवसायियों के कारण लग रहे जाम का कोई स्थाई निवारण किया जाए। अगर समय रहते प्रशासन ने उचित कदम नहीं उठाए, तो आगे भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे।

Ajay Singh (एडिटर) (हिन्दी न्यूज तरंग मासिक पत्रिका) न्यूज तरंग एक भारतीय हिंदी न्यूज़ चैनल है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में प्रसारित होता है।