झारखंड: 25 बाइकें फूंकीं, 12 लोग घायल; धनबाद के सुरंगा में क्यों भड़की हिंसा?

Feb 9, 2025 - 02:45
झारखंड: 25 बाइकें फूंकीं, 12 लोग घायल; धनबाद के सुरंगा में क्यों भड़की हिंसा?

धनबाद के अलकडीहा क्षेत्र के सुरुंगा गांव में झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं। वे आउटसोर्सिंग कंपनी पर उनकी जमीन पर ओबी डंप करने का आरोप लगा रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

अलकडीहा ओपी क्षेत्र के जीनागोड़ा देव प्रभा आउटसोर्सिंग समर्थकों और सुरुंगा ग्रामीणों के बीच झड़प में तिसरी थाना प्रभारी समेत दो ग्रामीण घायल हो गए हैं। वहीं आउटसोर्सिंग समर्थकों के भी घायल होने की खबर है। इस बीच ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने कैंप में तोड़फोड़ की और कई वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। 

आक्रोशित ग्रामीणों ने कैंप के बाहर खड़ी कई गाड़ियों में आग लगा दी। पुलिस ने बमुश्किल स्थिति पर काबू पाया। 25 से अधिक बाइक फूंकी झड़प के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति तनावपूर्ण है।

सिंदरी अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हिंसक झड़प में महिलाएं भी घायल हुई हैं। कई घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि 25 से अधिक बाइकों को आग के हवाले कर दिया गया है। ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग समर्थकों पर पथराव, फायरिंग और बमबाजी का आरोप लगाया है।

डर के कारण गांव में नहीं घुस रहे

सुरूंगा गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीण काफी गुस्से में हैं। वे आउटसोर्सिंग कंपनी पर उनकी जमीन पर ओबी डंप करने का आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए पुलिस प्रशासन के अधिकारी गांव में घुसने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना मुआवजा दिए उनकी जमीन पर ओबी डंप किया जा रहा है। उनकी जमीन पर ओबी डंप का पहाड़ खड़ा कर दिया गया है। उनका कहना है कि शनिवार को कंपनी उनकी जमीन पर ओबी डंप कर रही थी, जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो कंपनी ने आउटसोर्सिंग समर्थकों से उन पर हमला करवा दिया।

मौके पर पुलिस मौजूद है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि घटना में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं। बमबाजी और फायरिंग की घटना की जांच की जा रही है।

Ajay Singh (एडिटर) (हिन्दी न्यूज तरंग मासिक पत्रिका) न्यूज तरंग एक भारतीय हिंदी न्यूज़ चैनल है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में प्रसारित होता है।