IGRS शिकायत के बाद भी नहीं बनी सड़क-नाली, पीड़ित ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर लगाई गुहार
देवरिया। शहर के वार्ड नंबर 8 पूर्वी साकेत नगर में सड़क व नाली निर्माण को लेकर नगर पालिका की लापरवाही सामने आई है। स्थानीय निवासी डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्य शुरू कराने की मांग की है।
डॉ. शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर सड़क व नाली बनवाने के लिए आवेदन किया था, जिसका IGRS शिकायत संख्या 40019026025257 है। काफी समय बीत जाने के बाद भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो पाया।जब अधिशासी अधिकारी से इस संबंध में जानकारी मांगी गई तो जवाब मिला कि - हाजी जी की बाउंड्री से सत्येंद्र यादव, सुनील दुबे, दीपन मौर्य होते हुए कुंती यादव के घर तक 5 मीटर CC सड़क व नाली का आकलन तैयार कर माननीय बोर्ड से स्वीकृति ले ली गई है और स्वीकृति के उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन बोर्ड से स्वीकृति के बाद भी महीनों से काम शुरू नहीं हुआ, जिससे मोहल्ले के लोगों को जलजमाव और आवागमन में परेशानी हो रही है।डॉ. मिश्रा ने जिलाधिकारी महोदय से अनुरोध किया है कि इस प्रकरण में अधिशासी अभियंता, नगर पालिका परिषद देवरिया को कार्य प्रारंभ करने हेतु आदेशित किया जाए।
