मानसून का इंतजार कब तक ,22 राज्यों में बारिश का अलर्ट,कब होगी बरसात आपके राज्य में जाने

उत्तर भारत में भीषण गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। लोगों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर मानसून कब आएगा। उन्हें मानसून की पहली बारिश में भीगने का मौका कब मिलेगा। इन सभी सवालों का जवाब देते हुए मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें उत्तर भारत के कुछ राज्य भी शामिल हैं। उत्तर भारत के राज्यों के लिए मानसून का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
भीषण गर्मी से लोग बेचैन हैं। दिन में तपती गर्मी ने लोगों का चैन-चैन छीन लिया है। लू के थपेड़ों के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लोगों को उम्मीद थी कि प्री-मानसून बारिश होगी तो गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन प्री-मानसून की एक बूंद भी धरती पर नहीं गिरी, बल्कि समय पर आने वाला मानसून भी बेरुखी से पेश आया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार और झारखंड में दिन में भीषण गर्मी पड़ रही है।
गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण लोग डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में लोग बारिश के लिए टोना-टोटका करने से भी नहीं चूक रहे हैं। कई जगहों पर तो लोगों ने मानसून लाने के लिए मेंढक-मेंढकी की शादी भी करवा दी, लेकिन इंद्रदेव इससे भी खुश नहीं हुए। दिन में आसमान से सूर्यदेव का प्रकोप देखने को मिल रहा है।
अगर मानसून की बात करें तो अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में शाखा कमजोर पड़ने से मानसून गुजरात में अटका हुआ है। इस कारण यह 15 जून तक मध्य प्रदेश में नहीं पहुंच सका। मध्य प्रदेश में मानसून के प्रवेश की यह सामान्य तिथि है। अब 19-20 जून तक बालाघाट, डिंडोरी से मानसून मध्य प्रदेश में आ सकता है। वहीं, सोमवार सुबह भोपाल में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
इन 22 राज्यों में होगी बारिश!
इस बीच, सोमवार को मौसम विभाग ने 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया। इनमें से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया। बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना है।
उत्तर पूर्व के राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पूर्व के दो राज्यों असम और मेघालय में सोमवार को 204 मिमी तक बारिश हुई। असम में कई जगहों पर सड़कें धंस गईं। कई जगहों पर जलभराव से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। वहीं, सिक्किम के कुछ जिलों समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 204 मिमी बारिश दर्ज की गई।
17 जून को प्रयागराज देश में सबसे गर्म रहा
उधर, अगर उत्तर भारत के राज्यों की बात करें तो यहां बारिश की जगह लू का कहर देखने को मिल रहा है। सोमवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज जिला देश में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन भीषण लू चलने का अलर्ट है। वहीं पंजाब, दिल्ली, बिहार और झारखंड में भीषण लू चलने की चेतावनी है। मौसम विभाग ने जम्मू, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल में भी लू चलने की संभावना जताई है।
दिल्ली में कब होगी मानसून की पहली बारिश? वहीं राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने 18 जून तक लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में मानसून के आगमन को लेकर मौसम विभाग ने मैप जारी कर बताया कि 15 से 20 तक मानसून दिल्ली पहुंचेगा, जो 20 से 25 जून तक पूरे बिहार-झारखंड, पूर्वी उत्तराखंड और पूर्वांचल, आधे उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तराखंड को कवर करेगा और 25 से 30 जून तक पूरे उत्तर प्रदेश को कवर करेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 30 जून से 8 जुलाई तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है।