मारो जुते, 15000 रुपये लो , रेप केस मामले को मौलाना ने किया निपटरा

आगरा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक दुष्कर्म के आरोपी को सजा के तौर पर पांच जूते मारे गए। उस पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यह फरमान एक कथित मौलाना ने पंचायत में सुनाया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पंचायत में ही फैसला सुना दिया गया। उसे पांच जूते मारे गए और 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह अजीबोगरीब फैसला मौलाना ने पंचायत में सुनाया। पीड़िता पक्ष की महिला ने पंचायत में ही आरोपी लड़के को पांच जूते मारे। इस मामले का वीडियो वायरल हो रहा है।
पुलिस ने कहा है कि इस मामले में शिकायत मिलने पर वह मामला दर्ज करेगी। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़िता पक्ष ने लड़की के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने उसी मोहल्ले के एक युवक पर आरोप लगाया था। बाद में पीड़िता पक्ष ने शिकायत वापस ले ली थी। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
नाबालिग घर से कहीं चली गई थी
मामला आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र का है। यहां की एक नाबालिग लड़की घर से कहीं चली गई थी। परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने मोहल्ले के ही एक युवक पर लड़की को भगाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच कर लड़की की तलाश शुरू कर दी थी। बाद में पीड़िता के परिजनों और समाज के लोगों ने यह कहते हुए शिकायत वापस ले ली थी कि पुलिस खुद लड़की की तलाश करेगी।
मौलाना ने पंचायत में सुनाया फैसला
बाद में लड़की मिल गई। इस मामले को लेकर मोहल्ले के एक घर में पंचायत हुई। फैसला सुनाने के लिए पंचायत में एक कथित मौलाना मौजूद था। आरोपी लड़के और पीड़िता पक्ष की बात सुनी गई। इस दौरान पीड़ित लड़की ने आरोपी लड़के पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने और नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
आरोपी को मारे गए पांच जूते
पंचायत में आरोप-प्रत्यारोप के बाद कथित मौलाना ने अपना फैसला सुनाया। उसने आरोपी लड़के को पांच जूते मारने की सजा सुनाई। साथ ही 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। पंचायत में पीड़िता पक्ष की एक महिला ने आरोपी लड़के को पांच जूते मारे। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। घटना को लेकर एसीपी का कहना है कि शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।