हत्या कर शव पर नमक लगाकर चम्बल नदी के किनारे दफ़न किया, हत्यारे ने बताई सचाई

Jun 10, 2024 - 12:00
Jun 10, 2024 - 12:27
हत्या कर शव पर नमक लगाकर चम्बल नदी के किनारे दफ़न किया, हत्यारे ने बताई सचाई

पूछताछ में हत्यारे ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की है। शव को चंबल नदी के किनारे अपने खेत में दफना दिया। हालांकि उसने अपने साथियों के बारे में बताने से साफ इनकार कर दिया।

उत्तर प्रदेश के इटावा में ब्याज पर पैसा उधार देने वाले एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर शव को चंबल नदी के किनारे दफना दिया गया। मामला सामने आने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरविंद गुर्जर पुत्र सोनवीर सिंह के रूप में हुई है। अरविंद सहसों थाना अंतर्गत प्रतापपुरा का रहने वाला था। उसकी उम्र 55 साल बताई जा रही है। अरविंद के शव को नमक में लपेटकर चंबल नदी के किनारे करीब 6 फीट नीचे दफनाया गया था।

आरोपी प्रेम सिंह की निशानदेही पर शव को सहसों गांव के पास चंबल नदी के किनारे एक गड्ढे से बरामद किया गया। कैसे हुआ खुलासा? मृतक के परिजनों ने पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी प्रेम सिंह से पूछताछ की। आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बता दी।

 हालांकि आरोपी ने पुलिस को अन्य लोगों के नाम बताने से साफ इनकार कर दिया है। स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक पैसों के लेन-देन के चलते यह हत्या हुई है। आरोपी द्वारा बताई गई बातों के आधार पर पुलिस कई बड़े लोगों की तलाश कर रही है। फोरेंसिक जांच में कई फिंगरप्रिंट भी सामने आए हैं। माना जा रहा है कि हत्या में कई लोग शामिल थे। किस हालत में मिला शव? पुलिस को शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। मृतक के पैर में मोटी रस्सी और हाथ में तार बंधा हुआ था। उसकी गर्दन और सीने पर कुल्हाड़ी से कई बार वार किए गए थे।

कुल्हाड़ी के वार से बायीं जांघ भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। शव जमीन से करीब डेढ़ मीटर नीचे दबा हुआ था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को गड्ढे से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्या कहा आरोपी ने? इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हिरासत में आरोपी ने बताया कि उसने दो दोस्तों के साथ मिलकर यह हत्या की है। उसने यह भी कहा कि 'वे (दो अन्य आरोपी दोस्त) मेरे परिवार को मार देंगे, इसलिए मैं उनके बारे में कुछ नहीं बता पाऊंगा।'

क्या कह रहे हैं ग्रामीण?

ग्रामीणों के अनुसार इस हत्या में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। दावा तो यहां तक ​​है कि घटना से दो दिन पहले एक हिस्ट्रीशीटर ने पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक को शराब पीकर बुरी तरह पीटा था। इस पूरे मामले में शक की सुई एक परिवार की ओर जा रही है, जो पैसों के लेन-देन और जमीन के मामले में पार्टनर था। मृतक के भाई रविंद्र गुर्जर और इमलिया निवासी उसके बहनोई शिवेंद्र गुर्जर ने भी इसी परिवार पर शक जताया है।

इस हत्या के बाद से ही गुर्जर समाज के लोगों में काफी गुस्सा है। सभी गुर्जर समाज के लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

न्यूज़ तरंग डेस्क न्यूज़ तरंग डेस्क: न्यूज तरंग एक भारतीय हिंदी न्यूज़ चैनल है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में प्रसारित होता है। यह चैनल खबरों, वार्तालाप, साक्षात्कार, और विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण करता है। न्यूज तरंग ने अपने उद्दीपकों और निष्कर्षों के लिए एक नाम बनाया है और वर्तमान समाचारों को सरल भाषा में प्रस्तुत करता है। यह चैनल समाचार का एक व्यापक स्पेक्ट्रम कवर करता है और विभिन्न विषयों पर चर्चा करता है, जैसे कि राजनीति, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, साहित्य, और सामाजिक मुद्दे।