20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, 20 दिसंबर से 

Dec 17, 2025 - 17:04
Dec 17, 2025 - 17:08
20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, 20 दिसंबर से 

कुशीनगरहीदों की स्मृति और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व आरटीओ अजय त्रिपाठी ने बताया कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 दिसंबर से प्रारंभ होगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कुशीनगर स्थित शहीद चौक से राजमालती स्टेडियम, फाजिलनगर तक लगभग 35 किलोमीटर लंबी मशाल दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह मशाल दौड़ शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति और खेल के प्रति जागरूकता का संदेश देगी।

पूर्व आरटीओ अजय त्रिपाठी ने आगे बताया कि 20 दिसंबर को प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर आईपीएल खिलाड़ी नुजहत प्रवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा और आयोजन को विशेष पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है और इसमें देश के विभिन्न राज्यों से टीमें भाग लेती हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।

आयोजकों के अनुसार, सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन से आवश्यक सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। क्षेत्रवासियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम को व्यवस्थापक टीएन राय, सेंट जोसेफ स्कूल के डायरेक्टर सीओ जोश, प्रदीप सिंह आदि ने भी संबोधित किया तथा कार्यक्रम का संचालन राजन शुक्ला ने किया।

Ajay Singh (एडिटर) (हिन्दी न्यूज तरंग मासिक पत्रिका) न्यूज तरंग एक भारतीय हिंदी न्यूज़ चैनल है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में प्रसारित होता है।