राहुल गांधी के मणिपुर पहुचने से पहले ही हुआ जमकर फायरिंग

Jul 8, 2024 - 10:26
Jul 8, 2024 - 10:31
राहुल गांधी के मणिपुर पहुचने से पहले ही हुआ जमकर फायरिंग

लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद राहुल गांधी का यह पहला पूर्वोत्तर दौरा है। राहुल गांधी के मणिपुर पहुंचने से पहले जिरीबाम इलाके में भारी गोलीबारी हुई। करीब साढ़े तीन घंटे तक गोलीबारी जारी रही।

इस गोलीबारी में मणिपुर पुलिस का एक बुलेटप्रूफ वाहन चपेट में आ गया। हालांकि फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज असम और मणिपुर के दौरे पर हैं। सबसे पहले वह असम के सिलचर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मणिपुर के पूर्व सीएम ओकराम इबोबी सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां से राहुल मणिपुर के लिए रवाना हो गए। उनके मणिपुर पहुंचने से पहले जिरीबाम जिले में भारी गोलीबारी हुई।

जानकारी के मुताबिक करीब तीन घंटे तक गोलीबारी जारी रही। जिरीबाम के गुलरथल इलाके में सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलीबारी की। हालांकि अभी तक इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। गोलीबारी सुबह सात बजे तक जारी रही। इस घटना के बाद आस-पास के इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।

राहुल मणिपुर पहुंचे, जिरीबाम में राहत शिविर का दौरा किया

मणिपुर दौरे के दौरान राहुल गांधी ने आज जिरीबाम हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए राहत शिविर का दौरा किया। वह चुराचांदपुर और इंफाल में हिंसा प्रभावित लोगों से बात करेंगे और पीसीसी नेताओं से भी मिलेंगे। वह लोकसभा चुनाव में जनता के समर्थन के लिए उनका आभार जताएंगे। मणिपुर में दोनों सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। यह उनका मणिपुर का तीसरा और पूर्वोत्तर में विपक्ष के नेता के तौर पर पहला दौरा है।

मणिपुर करीब एक साल से छिटपुट हिंसा की चपेट में है। हिंसा की हालिया घटना 6 जून को हुई थी। राहुल ने मणिपुर हिंसा का मुद्दा लोकसभा में भी उठाया था। राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी हर जगह गए लेकिन मणिपुर नहीं गए। पिछले साल 3 मई को जातीय हिंसा के बाद मणिपुर में 200 से ज्यादा लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे।

मणिपुर में यह हिंसा तब भड़की जब मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने की मांग के विरोध में राज्य के पहाड़ी जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च निकाला गया। मणिपुर में जातीय हिंसा को शांत करने के लिए चाहे जितने प्रयास किए जाएं, लेकिन मामला अभी भी गंभीर है। यहां आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

राहुल ने सिलचर के थलाई में राहत शिविर का दौरा किया

सिलचर पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने यूथ केयर सेंटर थलाई में राहत शिविर का दौरा किया। प्रभावित लोगों से मुलाकात की। सिलचर में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने राहुल गांधी को ज्ञापन सौंपा और उनसे संसद में असम में बार-बार आने वाली बाढ़ का मुद्दा उठाने का आग्रह किया। बाढ़ के कारण असम का बुरा हाल है। अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है।

असम में बाढ़ और बारिश के कारण अब तक 78 लोगों की मौत

असम में बाढ़ के कारण हालात बेकाबू हैं। असम में बाढ़ और बारिश के कारण अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है। 29 जिलों में बाढ़ से कुल 23 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र नदी निमाटीघाट, तेजपुर, ग्वालपाड़ा और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसकी सहायक नदियां भी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के कारण हजारों हेक्टेयर फसलें जलमग्न हो गई हैं। राहुल गांधी लखीपुर में बाढ़ राहत शिविर का दौरा करेंगे और वहां शरण लिए लोगों से बात करेंगे।

राहुल ने बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई

राहुल गांधी ने शनिवार को असम में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि असम में बाढ़ की स्थिति लगातार खतरनाक होती जा रही है। मेरी संवेदनाएं बाढ़ से जूझ रहे हमारे भाइयों और बहनों के साथ हैं। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से बचाव और पुनर्वास कार्य में मदद करने की अपील की थी।

न्यूज़ तरंग डेस्क न्यूज़ तरंग डेस्क: न्यूज तरंग एक भारतीय हिंदी न्यूज़ चैनल है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में प्रसारित होता है। यह चैनल खबरों, वार्तालाप, साक्षात्कार, और विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण करता है। न्यूज तरंग ने अपने उद्दीपकों और निष्कर्षों के लिए एक नाम बनाया है और वर्तमान समाचारों को सरल भाषा में प्रस्तुत करता है। यह चैनल समाचार का एक व्यापक स्पेक्ट्रम कवर करता है और विभिन्न विषयों पर चर्चा करता है, जैसे कि राजनीति, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, साहित्य, और सामाजिक मुद्दे।