तलवार-लाठियों से हमला…छतों से फेंके गए पत्थर 23 लोगो पर केस हुआ दर्ज

हिंसा के बाद कौशांबी के बलीपुर नारा गांव में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है। वहीं, पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के बलीपुर नारा गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जमकर बवाल हुआ।
आरोप है कि धार्मिक चबूतरे पर गुलाल गिरने के बाद एक समुदाय के लोगों ने प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों पर पथराव किया और महिलाओं से बदसलूकी की। इस दौरान महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष के भी चार लोग घायल हैं। अब पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को एडीजी और आईजी गांव पहुंचे। एसपी से पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद दोनों अफसरों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ कोई नरमी न बरती जाए। कैसे शुरू हुआ बवाल? बलीपुर नारा गांव में नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद शनिवार को श्रद्धालु देवी की प्रतिमा को नदी में विसर्जित करने जा रहे थे। इस दौरान अबीर-गुलाल फेंका जा रहा था। तभी रास्ते में स्थित धार्मिक चबूतरे पर गुलाल गिर गया। इसका एक विशेष समुदाय के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। एक युवक वीडियो बनाने लगा। श्रद्धालुओं ने उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया तो मामला बढ़ गया। आरोप है कि एक विशेष समुदाय के लोगों ने घरों की छतों से पथराव शुरू कर दिया।
लाठी-डंडों और तलवारों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। यात्रा में शामिल महिलाओं से बदसलूकी की गई। बवाल की सूचना पाकर डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी बृजेश श्रीवास्तव कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हुए हैं।
गांव के मंदीप पुत्र दिनेश की तहरीर पर 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है।
फिर टला बवाल
शनिवार के बाद रविवार दोपहर फिर मंझनपुर कोतवाली के बलीपुर नारा गांव में बवाल टल गया। आरोप है कि समुदाय विशेष के लोगों के घरों के दरवाजे तोड़ने की कोशिश की गई। गाली-गलौज करते हुए कुछ लोगों से मारपीट भी की गई। हालांकि मौके पर मौजूद फोर्स ने समय रहते हालात पर काबू पा लिया। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि चार-पांच युवक गाली-गलौज कर रहे थे। मारपीट या तोड़फोड़ की कोई घटना नहीं हुई है। आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया गया है।
गांव पहुंचे अफसर
प्रयागराज रेंज के एडीजी भानु भास्कर, आईजी प्रेम गौतम भी गांव पहुंचे और अफसरों को जरूरी निर्देश दिए। दोनों अफसरों ने गांव में पैदल गश्त कर लोगों से बात की। हालांकि गांव में अभी भी तनाव का माहौल है। मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात है। मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरों को छोड़कर चले गए हैं। जिस इलाके में घटना हुई, वहां मुस्लिमों के 4 घर हैं। एक घर को छोड़कर सभी लोग लापता हैं।