श्मशान बना बोइंग 787 ड्रीमलाइनर,बोइंग का इतिहास रहा दागदार

12 जून को लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल से टकरा गया था। विमान में 242 लोग सवार थे। इस दुखद हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। इस एयर इंडिया हादसे में बोइंग का 787 ड्रीमलाइनर विमान शामिल था।

Jun 13, 2025 - 11:05
श्मशान बना बोइंग 787 ड्रीमलाइनर,बोइंग का इतिहास रहा दागदार

12 जून को लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल से टकरा गया था। विमान में 242 लोग सवार थे। इस दुखद हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। इस एयर इंडिया हादसे में बोइंग का 787 ड्रीमलाइनर विमान शामिल था।

इस बोइंग विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन यह पहली बार नहीं है जब बोइंग का कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इससे पहले भी कई बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। बोइंग का कहना है कि वह अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।

2014 में हुआ था एयर इंडिया में शामिल

गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान 2014 में एयर इंडिया में शामिल हुआ था। बोइंग ने 787 ड्रीमलाइनर विमान को 2007 में लंबी दूरी के जेट के तौर पर पेश किया था। इस विमान का पहला उड़ान परीक्षण 2009 में किया गया था। लेकिन कुछ कारणों से इसकी लॉन्चिंग में देरी हो गई।

सबसे ज्यादा बिकने वाला यात्री विमान

बोइंग ने 787 ड्रीमलाइनर को अपना सबसे ज्यादा बिकने वाला यात्री विमान बताया है। इस विमान में आरामदायक कॉकपिट के साथ ही बड़े केबिन और खिड़कियां हैं। पुराने विमानों की तुलना में इसके केबिन में दबाव कम होता है और हवा में नमी भी ज्यादा होती है। दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का वैरिएंट 787-8 था। यह विमान 248 यात्रियों को ले जा सकता है और 13,530 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। यह विमान 57 मीटर लंबा है और इसके पंखों का फैलाव 60 मीटर है।

बोइंग 787 की सुरक्षा पर उठे सवाल

पिछले कुछ सालों में बोइंग 787 की सुरक्षा को लेकर चिंताएं जताई गई हैं, लेकिन एयरलाइन कंपनी विमान के डिजाइन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने मई 2024 में कहा था कि वह बोइंग के 787 विमानों का दोबारा निरीक्षण कर रहा है। इसके बाद वह उन सभी विमानों का भी निरीक्षण करेगा जो वर्तमान में सेवा में हैं। इससे पहले बोइंग के एक पूर्व इंजीनियर ने बोइंग के विमान को लेकर आरोप लगाया था कि 787 ड्रीमलाइनर के धड़ के कुछ हिस्सों को गलत तरीके से जोड़ा गया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद विमान टूट सकता है। लेकिन बोइंग के प्रवक्ता ने इन दावों को खारिज करते हुए इन्हें गलत बताया।

बोइंग का इतिहास दागदार रहा है

विमान दुर्घटनाओं को लेकर बोइंग का इतिहास काफी दागदार रहा है। 2024 में दक्षिण कोरिया में बोइंग का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में करीब 180 लोगों की जान चली गई थी। 2018 के विमान हादसे में 189 लोगों की मौत हुई थी और 2019 के विमान हादसे में 157 लोगों की मौत हुई थी। 2013 में भी एक बोइंग विमान में आग लग गई थी। इसके अलावा हाल ही में मार्च 2025 में बोइंग 787-9 की कॉकपिट सीट में खराबी के कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और 50 लोग घायल हो गए थे।

एक रिपोर्ट में पाया गया कि बोइंग विमान दुनिया भर में करीब 6,000 दुर्घटनाओं में शामिल रहे हैं। इनमें से 415 दुर्घटनाएं बेहद घातक थीं, जिनमें 9000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई।

Ajay Singh (हिन्दी न्यूज तरंग मासिक पत्रिका) न्यूज तरंग एक भारतीय हिंदी न्यूज़ चैनल है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में प्रसारित होता है।